बागेश्वर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शिक्षकों, कर्मचारियों के खाली पदों पर नियुक्ति करने समेत दो सूत्री मांगों को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ता कॉलेज परिसर में दूसरे दिन भी क्रमिक अनशन पर बैठे। उन्होंने नारेबाजी कर विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने सभी छात्रों को प्रवेश देने की मांग उठाई।
आंदोलन स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि कॉलेज में शिक्षकों के कई पद खाली हैं। इससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में नगर समेत दूरस्थ इलाकों से बच्चे पढ़ने आते हैं। शिक्षक न होने के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने शिक्षकों, कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने, शिक्षा के अधिकार के अंतर्गत सभी को प्रवेश देने की मांग की।
उन्होंने मांग पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की धमकी दी। क्रमिक अनशन में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार, रवींद्र कोश्यारी बैठे। क्रमिक अनशन के समर्थन पर महासंघ कोषाध्यक्ष गणेश कुमार, पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष गोविंद चंदोला, एनएसयूआई महासचिव सूरज जोशाी, देवेंद्र बघरी, रवींद्र कोश्यारी, देवेंद्र मेहरा, प्रकाश वाछमी, चंदन बघरी, हिमांशु बघरी, भास्कर बिष्ट, रोहित मर्तोलिया, गौरव, राहुल आदि ने धरना दिया।
छात्रों ने कुलपति का पुतला फूंका, नारेबाजी कर विरोध किया
बागेश्वर। छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बागेश्वर में शिक्षकों, कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग की है। इसके लिए उन्होंने बुधवार को कॉलेज प्रांगण में कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला फूंका। उन्होंने नारेबाजी कर विरोध जताया।
वहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि कॉलेज में शिक्षकों, कर्मचारियों की कमी है। इस कारण पठन-पाठन पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में सभी छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि छात्र हितों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुतला फूंकने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष शशांक वर्धन, कमलेश, प्रमोद कुमार, मयंक वर्धन आदि शामिल हैं।
विधायक के आश्वासन के बाद एबीवीपी का क्रमिक अनशन खत्म
बागेश्वर। राजकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय में शिक्षकों, कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने, स्नातक स्तर पर सीट बढ़ाने आदि मांगों को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ता चार दिन से क्रमिक अनशन पर बैठे थे। बुधवार को विधायक चंदन राम दास कॉलेज पहुंचे। उन्होंने छात्रों की मांगों पर जल्द शासनादेश होने का आश्वासन दिया। कहा कि नौ अगस्त को कॉलेज में प्रस्तावित वार्षिकोत्सव में कॉलेज के लिए बड़ी घोषणा की जाएगी। विधायक के आश्वासन के बाद छात्रों ने क्रमिक अनशन समाप्त कर दिया। वहां हरीश मेहरा, आदर्श कठायत, सौरव जोशी, भूपेंद्र दानू, पूजा फर्स्वाण आदि थे।