भनारतोली क्षेत्र तमाम समस्याओं से जूझ रहा है। सड़क निर्माण में कटी जमीन का मुआवजा सहित पेयजल और सिंचाई सुविधा की मांग पर कोई ध्यान नहीं देने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने शीघ्र मांगों को पूरा नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को घटगाड़ के क्षेत्र पंचायत सदस्य हेम चंद्र जोशी के नेतृत्व में भनारतोली क्षेत्र के लोगों ने एडीएम राहुल गोयल को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर ग्रामीणों ने कहा कि दाणोंछीना-लोब सड़क को कटे हुए तीन साल से अधिक का समय हो गया है।
इसके बावजूद अभी तक ग्रामीणों को कटी जमीन का मुआवजा नहीं दिया गया है। ग्रामीणों ने पेयजल वितरण में तमाम कमियां गिनाईं। इससे ग्रामीण जल संकट से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने मुआवजा दिए जाने, पेयजल टैंक से नई पाइप लाइन बिछाने, सिंचाई नहर का सुधार करने, कृषि निवेश केंद्र का संचालन करने और हैंडपंप लगाने की मांग की।
मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में कुंदन सिंह, घनश्याम पाठक, पूर्व प्रधान भैरव दत्त जोशी आदि थे।