गर्मी बढ़ने के साथ ही पेयजल की किल्लत पैदा होेने लगी है। नगर में पाइप लीक होने के कारण पानी बर्बाद हो रहा है। उधर कांडा के जेठई क्षेत्र में योजना की मरम्मत का काम पूरा न होने के कारण ग्रामीण परेशान हैं।
नगर के चौक बाजार और मालरोड क्षेत्र मेें सड़क किनारे दबे पाइप लाइन फट गए हैं। इस कारण कुछ स्थानों पर पानी लीक हो रहा है। रिसाव के कारण लोगों तक कम पानी पहुंच रहा है जबकि कांडा के बंगचूड़ी, जेठाई, सोराड़ी, मल्ला तिपौला, तल्ला तिपौला आदि गांवों में पेयजल का संकट जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि पैंसिया-जेठाई पेयजल योजना का निर्माण 1994 में 38 लाख की लागत से हुआ था। इसके बाद मरम्मत के नाम पर इस पर कई बार धन खर्च हो चुका है। पिछले साल बारिश के मौसम मे यह योजना क्षतिग्रस्त हो गई, और पेयजल की किल्लत हो गई।
इसके बाद डीएम भूपाल सिंह मनराल ने दैवीय आपदा मद से मरम्मत के लिए चार लाख रुपए मंजूर कराए। मरम्मत का काम बहुत पहले शुरू हो गया था, लेकिन योजना में पेयजल की सप्लाई सुचारु नहीं हो सकी है। जल संस्थान के कर्मचारी और इंजीनियर लगातार योजना सुचारु करने के आश्वासन देते रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अब गर्मी का सीजन शुरू हो गया है। योजना तैयार न होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
जेठाई पेयजल योजना को दुरुस्त करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने यहां एडीएम हरवीर सिंह से मुलाकात की। एडीएम ने शीघ्र ही मौके पर आकर निरीक्षण और समाधान करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सुरेश सोनियाल, नरेंद्र पिल्खवाल, सुरेश पिल्खवाल, सुनील सिंह, मनोज सिंह, पूरन सिंह, भूपाल सिंह, हरीश सिंह आदि उपस्थित थे।