रिखाड़ी-बाछम-बदियाकोट सड़क से बर्फ हटाती जेसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
कपकोट ब्लाक के मल्ला और विचल्ला दानपुर क्षेत्र कई गांवों में रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी ने लोगों का सुख-चैन छीन लिया है। बर्फ की वजह से रिखाड़ी- बाछम-बदियाकोट सड़क पर अब तक यातायात शुरू नहीं होने से इस सड़क से जुड़े गांवों में सब्जियों का संकट गहराने लगा है। इसके अलावा यहां के ग्रामीण भी शहर की ओर रुख नहीं कर पा रहे हैं।
बागेश्वर जिले में शुक्रवार को हल्की बूंदा बांदी हुई। कपकोट ब्लाक के मल्ला और विचल्ला दानपुर के झूनी, खलझूनी, गोगिना, कीमू, लीती, रातिरकेठी, मल्खाडुंगर्चा, शामा, खड़लेख, हरकोट, धुरकोट, चौड़ा, धूर, उगियां, खाती, बाछम, तीख, किलपारा, बदियाकोट, कालो, कुंवारी और बोरबलड़ा गांवों में पांच इंच तक बर्फ पड़ी हुई है। इन क्षेत्रों में बार बार हो रही बर्फबारी से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। तापमान में गिरावट आने से समूचे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
बंद पड़ी रिखाड़ी - बाछम -बदियाकोट सड़क को सुचारु करने के लिए पीएमजीएसवाई की जेसीबी बर्फ को हटाने में जुटी है। जैसे ही सड़क खुलने की स्थिति में पहुंचती है और बर्फबारी होने से फिर से सड़क बंद हो जाती है। आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद बर्फ से ढकी रिखाड़ी-बाछम-बदियाकोट सड़क को खोलने का काम जारी है। बर्फवारी से अभी तक किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना प्राप्त नहीं है।