कपकोट/बागेश्वर। दानपुर क्षेत्र के गांवों में बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। क्षेत्र को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कें शनिवार को दूसरे दिन भी बंद रहीं। तार और पोल टूटने से बिजली ठप है। बाछम सहित कई गांवों की पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हैं। ग्रामीण कई किमी पैदल चलकर गांव और शहर पहुंच रहे हैं। संचार सुविधा न होने से सूचनाओं का आदान-प्रदान भी नहीं हो पा रहा है।
बृहस्पतिवार को बागेश्वर बारिश हुई। वहीं दानपुर के धूर, सोराग, बदियाकोट, बाछम, खाती, शामा, गोगिना आदि गांवों में जमकर हिमपात हुआ। बर्फबारी से कर्मी-बदियाकोट और रिखाड़ी-बाछम मोटर मार्ग बंद हो गए। बिजली के तार टूटने से कई गांवों के लोग अंधेरे में रात बिताने को मजबूर हैं। ग्रामीण हरीश दानू, नरेंद्र सिंह, भगवत सिंह दानू, लोकपाल सिंह, मोहन सिंह आदि ने कहा खाती, बाछम, बदियाकोट, बोराचक झारकोट आदि क्षेत्रों से कर्मी विनायक तक बर्फ जमी है। लोगों को मोटर मार्ग तक पहुंचने में कई किमी की पैदल चलना पड़ रहा है जबकि रास्ते में कई फुट बर्फ है। कई स्थानों पर पेड़ भी गिरे हैं। इससे पैदल चलना भी मुश्किल है। लोग परेशानी उठाकर चलने को मजबूर हैं।
पेयजल लाइनों को नुकसान
मल्ला बाछम, अमेड़ा, भगदाणू, कलग्यूणिया, तल्ला गांव आदि में अधिक बर्फ गिरने से पेयजल लाइनों को नुकसान पहुंचा है। इससे इन गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। क्षेत्र में संचार सुविधाएं न होने से भी लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सूचनाओं का आदान-प्रदान नहीं हो पा रहा है। इससे यहां के हालातों की सूचना तहसील और जिला मुख्यालय तक नहीं पहुंच सकी है।