बागेश्वर। पिंडारी ग्लेशियर में हिम तेंदुओं के सर्वे का काम शुरू हो गया है। जेआरएफ और फील्ड सहायक के साथ वन विभाग की टीम खाती पहुंच गई है।
शनिवार को टीम खाती से ग्लेशियर की ओर रवाना होगी। करीब एक साल तक चलने वाले कार्यक्रम के दौरान हिम तेंदुए समेत स्थानीय जानवरों पर अध्ययन किया जाएगा।
पिछले महीने से टीम अभियान की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार जेआरएफ रजत जोशी फील्ड सहायक तरुण खतवाल, वन दरोगा गजेंद्र सिंह, वन आरक्षी हयात सिंह कपकोट से पिंडारी को रवाना हुए। जेआरएफ जोशी ने बताया कि टीम खाती पहुंच गई है। यहां से स्थानीय पोर्टर आदि को साथ लेकर आगे को जाएंगे। टीम हिम तेंदुओं के व्यवहार, रहन-सहन, भोजन आदि की जानकारी जुटाएगी। अध्ययन के लिए टीम ड्रोन, दूरबीन, कैमरा, डिजिटल कैमरा की मदद ली जाएगी।
डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया ने कहा कि सर्वे के दौरान वन प्रभाग के पिंडारी, कफनी, सुंदरढूंगा आदि क्षेत्र में हिम तेंदुओं की मौजूदगी और संख्या का पता लगाया जाएगा।