बागेश्वर जिले को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी के निर्देशों पर एसओजी और कपकोट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2.162 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
बागेश्वर जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी जितेंद्र मेहरा के निर्देशों पर एसओजी और कपकोट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2.162 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। बरामद चरस की बाजार में काफी कीमत आंकी जा रही है।
विज्ञापन
एसओजी प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन खान के नेतृत्व में पुलिस टीम बीते रविवार को कपकोट थाना क्षेत्र के गोलना इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर महादेव पुलिया के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पदम सिंह टाकुली (62) पुत्र शेर सिंह, निवासी ग्राम बैछम बताया। संदिग्ध प्रतीत होने पर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में आरोपी की तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 2.162 किलो अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने नए बीएनएस के तहत कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत जीरो टॉलरेंस की नीति पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। 2.162 किलो चरस के साथ पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पुलिस जल्द पहुंच सके। नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जितेंद्र मेहरा, एसपी, बागेश्वर