सनगाड़ गांव स्थित श्री श्री 1008 नौलिंग देव के मंदिर में आयोजित नवमी का मेला शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है। मंदिर में बड़ी संख्या में लोगों ने पूजा-अर्चना की। यहां दिनभर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची रही। रात में मेलार्थी पारंपरिक चांचरी गीतों के गायन पर खूब थिरके।
अनेक लोग मंदिर में बकरियों को बलि के लिए लाए थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट से बलि पर रोक लगी होने के कारण उन्हें पुलिस ने समझाकर भेज दिया। लोग बकरियों की मंदिर की परिक्रमा करके ले गए। भक्तों को पुजारी प्रेम सिंह धामी ने प्रसाद बांटा। वहीं मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।
जय बागनाथ लोक कला मंच पोखरी के दल नायक अजय चंदोला ने बेड़ू पाको बार मासा..., घास काटूल इजूल ऊंचा नीचा डाना..., लौंडा मोहना तेरि केमुवा गाड़ि... समेत कई अन्य गीतों पर लोगों को खूब थिरकने को मजबूर कर दिया। शिखर हिमालय संस्कृति स्मृति कपकोट के कलाकारों ने नी बासा घुघुति चैत की..., रामी बौराणी नृत्य नाटिका समेत झोड़ा और चांचरी के गीतों का गायन किया।
आदर्श कला केंद्र अल्मोड़ा और जन संपर्क केंद्र देहरादून के कलाकारों ने युगल गीत ओ भीना कसिके जानू द्वारहाटा... गायक सुरेश प्रसाद सुरीला ने देवी मैया महाकाली सुणलै मेरी पुकारा...,ओ सरिता बैठि जा वड्डा गाड़ि में..., हफ्ता में इंतजार का दिन..., पूरन राठौर नंदा हिमाल..., द दीगो लाली..., समेत कई अन्य कलाकारों ने मनभावन गीतों की प्रस्तुति दी। संचालन धन सिंह भौर्याल ने किया। वहां मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मंगल सिंह महर आदि थे।
वित्त मंत्री ने नौलिंग मंदिर में पूजा की
धरमघर (बागेश्वर)। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत शुक्रवार को सनगाड़ मेले में पहुंचे। उन्होंने नौलिंग मंदिर में पत्नी के साथ पूजा-अर्चना की। इससे पूर्व उन्होंने स्यांकोट में नव निर्मित मंदिर में भी पूजा अर्चना की। वित्त मंत्री का कार्यक्रम दिन में हेलीकॉप्टर से 12.50 बजे स्यांकोट स्थित हैलीपैड में पहुंचने का था।
इसके बाद कार से सनगाड़ पहुंचकर 1:30 बजे मंदिर में मेेले का उद्घाटन करना था। गृृहमंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम के कारण वे देहरादून से काफी विलंब से चले। शाम करीब पांच बजे मंत्री पंत मेला स्थल में पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ रवाना हो गए।