बागेश्वर में स्मैक के साथ पकड़ा गया आरोपित। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। एसओजी की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने 4.49 ग्राम स्मैक के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई स्मैक की कीमत 14 हजार रुपये आंकी गई है।
एसपी मणिकांत मिश्रा के कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस ने तस्करों की धरपकड़ तेज कर दी है। इस महीने स्मैक तस्करी का दूसरा मामला सामने आया है। इसी सिलसिले में सीओ महेश चंद्र जोशी के पर्यवेक्षण में मंगलवार को कोतवाली पुलिस की टीम प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दौलत राम वर्मा के निर्देशन में गढ़िया पुल आरटीओ कार्यालय के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसओजी की सूचना पर मोहल्ला नुमाइशखेत निवासी अभिषेक कुमार की तलाशी ली गई तो उसके पास से 4.49 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ कोतवाली में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को बुधवार को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। बताया गया कि आरोपित का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इससे पहले वह चोरी, लूट की वारदात में संलिप्त रहा है। इससे पहले पांच अक्तूबर को भी पुलिस ने 3.36 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। स्मैक बरामद करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृष्णा गिरि, आरक्षी दीवान प्रसाद, आरक्षी तारा सिंह भाकुनी आदि थे।