ग्रेड पे और एसीपी का लाभ देने की मांग को लेकर अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षणेतर कर्मचारियों का यहां चला आ रहा बेमियादी धरना बृहस्पतिवार 24 वें दिन भी जारी रहा। सभा में वक्ताओं ने शासन और शिक्षा विभाग की उपेक्षा पूर्ण नीति के विरोध में नारेबाजी कर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
आंदोलन स्थल मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में संघ के जिलाध्यक्ष अध्यक्ष योगेश कांडपाल की अध्यक्षता में हुई सभा में कर्मचारियों ने कहा कि सरकार समस्याओं को सुलझाने के लिए कुछ भी नहीं कर रही है। धरना देने वालों में विनय जोशी, महिपाल बाफिला, गोकर्ण शाही, पूरन लाल, नरेंद्र सिंह, प्रेमा धामी, चंद्र सिंह, भुवन जोशी, कैलाश उपाध्याय, गांव सिंह, शकुंतला देवी, तारा शाही और सुरेश चंद्र आदि शामिल थे।