बागेश्वर। राखी के लिए बाजार सज गए हैं। बहनों ने भी राखी की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य डाकघर में रोजाना 250 से अधिक बहनें अपने भाइयों को राखी भेजने के लिए आ रही हैं। पोस्ट ऑफिस में सुबह 10 बजे से ही बहनों के आने का सिलसिला शुरू हो जाता है और दोपहर दो बजे तक स्पीड पोस्ट वाले काउंटर में लंबी कतार लग जा रही है। ऐसे में अब डाकघर में स्पीड पोस्ट का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। एक से 15 जुलाई तक 1041 लोगों ने स्पीड पोस्ट किया था। 15 से 31 जुलाई तक यह आंकड़ा 1832 पहुंचा। एक अगस्त से अब तक यह आंकड़ा 2465 पहुंच चुका है। इससे पहले डाक विभाग की ओर से बहनों को राखी के लिफाफे उपलब्ध कराए गए थे। जो एक ही सप्ताह में बिक गए थे।