रानीखेत (अल्मोड़ा)। रक्षाबंधन पर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई लेकिन रानीखेत से अल्मोड़ा और बागेश्वर के लिए सीधी बस सेवा नहीं होने से बड़ी संख्या में महिलाएं इसका लाभ नहीं उठा सकीं। क्षेत्र की कई महिलाओं के मायके इन दोनों जिलों में हैं। ऐसे में उन्हें मायके पहुंचने के लिए टैक्सी और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
महिलाओं का कहना है कि सरकार की निशुल्क यात्रा योजना अच्छी पहल है लेकिन इसका लाभ तभी मिल सकेगा, जब रानीखेत से अल्मोड़ा और बागेश्वर सहित प्रमुख मार्गों पर नियमित रोडवेज बस सेवा उपलब्ध हो। उन्होंने दोनों मार्गों पर बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
-
मायका अल्मोड़ा में है। रानीखेत से सीधी रोडवेज बस नहीं होने के कारण निशुल्क यात्रा का लाभ नहीं मिल पाया और मायके जाने के लिए अतिरिक्त किराया खर्च करना पड़ा।
-रेखा पंत
-
रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा अच्छी पहल है लेकिन रानीखेत से अल्मोड़ा और बागेश्वर के लिए सेवा नहीं होने से कई बहनें इससे वंचित रह गईं।
-सुनीता बिष्ट
-
रानीखेत क्षेत्र के बड़ी संख्या में परिवारों के रिश्ते अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों में हैं। पर्व के समय इन मार्गों पर रोडवेज की नियमित बस सेवा शुरू की जानी चाहिए ताकि लोगों को सुविधा मिल सके।
-कविता मेहरा