बागेश्वर। कपकोट के भद्रतुंगा में पहली बार आयोजित हो रहे श्रीराम महायज्ञ कूर्मांचल लघु अर्धकुंभ का भव्य कलश यात्रा से आगाज हुआ। मंदिर से सरयू नदी तक निकाली गई कलश यात्रा में विभिन्न गांवों के लोगों और देश के विभिन्न मठों और मंदिरों से आए साधु-संतों ने भागीदारी की। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र सरयू मां और हर हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहा।
कलश यात्रा के बाद विधिवत रूप से आयोजन का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढि़या, डीएम अनुराधा पाल, ब्लॉक प्रमुख गोविंद दानू और आयोजन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल ने फीता काटकर और दीप जलाकर किया। राबाइंका सूपी की छात्राओं ने वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए।
विधायक गढि़या ने कहा कि मां सरयू के आशीर्वाद और महामंडलेश्वर अभिरामदास त्यागी के प्रयास से लघु अर्धकुंभ हो रहा है। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव कार्य करने और सरयू माता मंदिर और भव्य घाट बनाने की बात कही। डीएम अनुराधा पाल ने कहा कि भद्रतुंगा को तीर्थाटन बनाने का प्रयास सराहनीय है। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा और स्वरोजगार को बल मिलेगा। जिपं अध्यक्ष देव और प्रमुख दानू ने मां सरयू की महत्ता, सरमूल और भद्रतुंगा के महत्व पर प्रकाश डाला। वृहद आयोजन के लिए महामंडलेश्वर त्यागी और महंत देवानंद दास का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन सरमूल, सहस्त्रधारा, भद्रतुंगा विकास समिति के सलाहकार दयाल कुमल्टा ने किया।
इनसेट
बारिश से फीकी हुई आयोजन की रौनक
बागेश्वर। लघु अर्धकुंभ का शुभारंभ प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज करने वाले थे। मुख्य यजमान की भूमिका में पूर्व सीएम और राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को मौजूद रहना था, लेकिन बारिश के कारण दोनों नहीं पहुंच सके। संचालन समिति ने बारिश के कारण कई साधु-संतों के अब तक नहीं पहुंच पाने की बात भी कही है।
इनसेट
मंदिर तक नहीं पहुंची गाड़ी
बागेश्वर। भद्रतुंगा मंदिर तक वाहन ले जाने के लिए जिला पंचायत ने झूनी से कच्ची सड़क तैयार की थी। हालांकि बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ जमा हो गई। अतिथियों समेत सभी श्रद्धालुओं को पैदल ही जाना पड़ा।
इनसेट
बजरंग बली मूर्ति की स्थापना हुई
बागेश्वर। कलश यात्रा के साथ ही भक्तों ने बजरंग बली की नई मूर्ति को भी स्नान कराया। कलश यात्रा के वापस मंदिर पहुंचने के बाद विधिविधान से मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा और स्थापना हुई।
इनसेट
इनकी रही मौजूदगी
अर्धकुंभ के शुभारंभ पर पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, जिपं सदस्य प्रभा देवी, प्रभात दानू, सुरेश कांडपाल, जगमोहन ऐठानी, विजय लोबियाल, महेश खेतवाल, मनोहर राम, भगवत सिंह कोरंगा, लक्ष्मण देव, हरीश सोनी, एसडीएम मोनिका, पुलिस उपाधीक्षक अंकित कंडारी, स्वामी राम शंकर दास समेत करीब 500 साधु-संत और श्रद्धालु मौजूद रहे।