बागेश्वर। त्योहारी सीजन में एक तरफ जहां यात्रियों की आवाजाही तेजी से बढ़ रही है वहीं दूसरी तरफ जिले का रोडवेज डिपो गंभीर चालक और परिचालकों की कमी से जूझ रहा है। पिछले सालों में दिवाली और अन्य प्रमुख त्योहारों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बस सेवाओं की विशेष तैयारियां की जाती थीं लेकिन इस बार स्टाफ की कमी के चलते नियमित निर्धारित सेवाओं का संचालन करना भी मुश्किल साबित हो रहा है। ऐसे में त्योहारी सीजन में अतिरिक्त बसें चलाना डिपो के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
डिपो में मैनपावर की कमी के कारण यात्रियों को त्योहारों पर आवागमन के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। त्योहार के समय पर दूसरे जिलों और महानगरों से घर लौटने वाले प्रवासियों व स्थानीय यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होता है लेकिन बसों के सीमित फेरों के कारण लोगों को दिक्कतों से दो-चार होना पड़ सकता है।
...कोट
डिपो में चालक और परिचालकों की भारी कमी चल रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों और परिवहन मुख्यालय को पत्राचार कर चालक-परिचालकों की कमी के बारे में पूरी जानकारी से अवगत करा दिया गया है। मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद ही आगे की व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी। -गुसाईं राम, स्टेशन प्रभारी रोडवेज