खतरनाक रास्ते से जान हथेली पर रखकर जाते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
पिछले दिनों हुई भारी बारिश के चलते पीएमजीएसवाई की निर्माणाधीन शरण-बघर सड़क पर कई जगह भारी मात्रा में मलबा भर गया है। गधेरों के तेज बहाव से एक, दो जगह सड़क बह गई है। पहाड़ी से मलबे के साथ ही बड़े-बड़े पत्थरों का गिरना अब भी जारी है। ग्रामीण पहाड़ी में उगी घास पकड़कर जान हथेली में रख आवाजाही करने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की है।
विकास खंड के ऊपरी हिस्सों में गत चार दिन पहले हुई तेज बारिश से पीएमजीएसवाई की निर्माणाधीन शरण-बघर सड़क का बुरा हाल हो गया है। सड़क के कई हिस्सों में भारी मात्रा में मलबा भरा है। पैदल चलने को भी रास्ता नहीं बचा है। बच्चे अकेले में स्कूल जाने से भी डर रहे हैं। गांव में जरूरी सामान भी नहीं पहुंच पा रहा है।