फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लीती क्षेत्र में दस हजार की आबादी पानी, बिजली और संचार सेवा के लिए तरसी

विज्ञापन
बागेश्वर के लीती-गोगिना सड़क पर नापानी के पास दरकी सड़क। संवाद न्यूज एजेंसी - फोटो : BAGESHWAR
विज्ञापन
बागेश्वर। पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश के कारण लीती-नापानी-गोगिना सड़क पर नापानी के पास भूस्खलन हो गया है। इससे सड़क बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। आलम यह है कि सड़क के साथ बिजली की लाइन, पेयजल लाइन, केबल टूट गए हैं, जिससे करीब दस हजार की आबादी पिछले एक सप्ताह से पानी, बिजली और संचार सेवा के लिए तरस रही है।
विज्ञापन

कपकोट ब्लॉक में एक सप्ताह पहले भारी बारिश के कारण सड़क, पैदल रास्ते, आवासीय मकान, कृषि योग्य भूमि, पानी, बिजली की लाइन और संचार सेवा को भारी क्षति पहुंची थी। इसी दौरान लीती-नापानी-गोगिना सड़क पर नापानी के पास भारी भूस्खलन होने से सड़क खिसककर नीचे स्थित पैदल रास्ते से मिल गई। इससे यातायात बाधित हो गया है। लोगों को आवाजाही बाधित होने से दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सड़क धंसने से बिजली की क्षतिग्रस्त हो गई। बिजली के तार जमीन पर गिरे हैं। इनसे करंट का खतरा भी है। इससे लीती, हाम्टीकापड़ी, रातिरकेठी, मल्खाडुंगर्चा, गोगिना, कीमू आदि गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली न होने के कारण लोगों के जरूरी कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। मोबाइल फोन पर चार्ज न होने से लोगों को पैदल कपकोट बाजार तक का सफर तय करना पड़ रहा है। कोरोना के चलते छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन पढ़ाई पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। पेयजल लाइन ध्वस्त होने से लीती, शामा, पन्याली, रमाड़ी, भनार, कनोली में पेयजल किल्लत हो गई है। इन गांवों के लोग प्राकृतिक स्रोतों पर निर्भर हो गए हैं। महिलाएं, बच्चे मीलों दूर धारों, नौलों से पानी लाने के लिए मजबूर हो रहे हैं। केबल क्षतिग्रस्त होने से संचार सेवा ठप हो गई है। लोगों का कहना है कि बिजली और संचार सेवा ठप होने से लोगों का संपर्क क्षेत्र से बाहर पूरी तरह से कट गया है। लीती के ग्राम प्रधान चामू सिंह, हाम्टीकापड़ी की प्रधान उमा देवी, रातिरकेठी के प्रधान सुरेंद्र सिंह, मल्खाडुंगर्चा के प्रधान नारायण सिंह मेहता, दीवान सिंह, लक्ष्मण सिंह, सुरेश सिंह, यशपाल सिंह, कुंदन सिंह, हेमा देवी, प्रकाश सिंह, श्याम सिंह मेहता, कमलेश सिंह, विजय सिंह आदि ने सड़क मरम्मत के साथ बिजली, पेयजल, संचार सेवा सुचारु करने की मांग की है। लोनिवि के मुताबिक लीती के पास नापानी में 150 मीटर पहाड़ी के साथ छह-सात मीटर नीचे तक सड़क दरक गई है। सड़क के आसपास दलदल बन गया है। जेसीबी के टायर दलदल में फंस रहे हैं। सड़क से मलबा हटाया जा रहा है।
शामा पन्याली में बच्चों ने उठाया विभाग को जगाने का बीड़ा
कपकोट/बागेश्वर। शामा-रमाड़ी सड़क पर शामा पन्याली गांव के पास भूस्खलन के कारण लोगों के घरों को खतरा हो गया है। सड़क का मलबा लोगों के घरों में घुस रहा है। सड़क के प्रति लोनिवि को जगाने के लिए अब गांव के लोगों के साथ बच्चों ने भी बीड़ा उठा लिया है। लोगों का कहना है कि करीब पांच-छह महीने पहले सड़क का कटान हुआ था। कटान के दौरान लोगों ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र होने के कारण विभाग के सामने घरों के ऊपर से सड़क न ले जाने की गुहार लगाई थी। इसके बावजूद घरों के ऊपर से सड़क की कटिंग कर दी गई। बरसात शुरू होते ही लोगों के घरों में मलबा और बोल्डर गिरने लग गया है। इससे सड़क पर वाहनों से आवाजाही खतरनाक हो गई है। ऊपर से गिर रहे मलबे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शामा पन्याली में सड़क के नीचे करीब 15 परिवार रहते हैं। इन लोगों को खतरे की आशंका है। गांव की सपना, ज्योति, यशवंत कोरंगा ने हाथ में तख्तियां उठाकर लोनिवि से होश में आने और मलबे को नीचे आने से रोकने की मांग की है। शामा पन्याली गांव के कुंदन कोरंगा, हेमा देवी, भूपाल कोरंगा आदि ने सड़क का मलबा गांव में आने से रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
विज्ञापन

नौ सड़कें बंद होने से यातायात बाधित
बागेश्वर। जिले की नौ सड़कें बंद होने से यातायात बाधित हो गया है। लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक कपकोट-शामा-तेजम, शामा-लीती, भानी-हरसिंगियाबगड़, रिखाड़ी-वाछम, शामा-नाकुरी, शामा-लीती-गोगिना, हरसीला-पुड़कुनी, धपोली-जेठाई कपकोट-कर्मी-तोली सड़क पर बोल्डर और मलबा गिरने के कारण आवाजाही बंद है। सड़क बंद होने के कारण लोगों के जरूरी कामकाज दुष्प्रभावित हो रहे हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार मौके पर जेसीबी भेजकर सड़क खोली जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें