बागेश्वर की शामा-पन्याली सड़क की ऐसी हो गई है हालत। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र में अतिवृष्टि से बुरे हालात हैं। शामा से पन्याली जाने वाली चार किमी लंबी सड़क की गत खराब हो गई है। सुरक्षा दीवार न होने से सड़क को खासा नुकसान पहुंचा है। सड़क की बदहाली पर कांग्रेस के नेताओं ने रोष जताया है।
पन्याली के लिए शामा से चार किमी लंबी सड़क बनी है। सड़क कई स्थानों में क्षतिग्रस्त हो गई है। पूरी सड़क वाहन संचालन लायक नहीं रह गई है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से कई आवासीय मकानों के लिए खतरा उत्पन्न हो रहा है। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने सड़क का निरीक्षण किया। सड़क की दुर्दशा पर रोष जताया है। पूर्व विधायक फर्स्वाण का कहना है कि सड़क अभी निर्माणाधीन है लेकिन लोनिवि के पास सुरक्षा दीवार और मलबा हटाने के लिए बजट नहीं है। उन्होंने कहा है कि सड़क पैदल चलने लायक तक नहीं रह गई है। प्रशासन को इसका संज्ञान लेना चाहिए।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने कहा है कि सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोगों को पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। उन्होंने सड़क की मरम्मत न होने पर क्षेत्र की जनता को साथ लेकर धरना देने का एलान किया है। वहां राजेंद्र कोरंगा, नरेंद्र कोरंगा, किशन कोरंगा, हरीश कपकोटी, उप प्रधान नरेंद्र आदि थे।
सकीड़ा मोटर मार्ग का निर्माण कार्य सुचारु कराने की मांग की
बागेश्वर। सकीड़ा के ग्रामीणों ने खॉकर से सकीड़ा तक रोड निर्माण का कार्य सुचारु कराने की मांग की है। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण के नेतृत्व में एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी को दिए ज्ञापन में कहा कि खॉकर से सकीड़ा तक तीन किलोमीटर रोड स्वीकृत हुई है। सरपंच और ग्राम प्रधान खांकर ने अनापत्ति प्रमाण पत्र दे भी दिया है। लोनिवि के सहायक अभियंता और भू-गर्भ वैज्ञानिकों ने सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया है लेकिन कुछ अराजक तत्व विकास कार्य में रुकावट पैदा कर रहे हैं। इसके चलते स्वीकृत रोड भी नहीं बन पा रही है। मोटर मार्ग का काम न होने से लोग परेशान हैं। इन लोगों ने शीघ्र मोटर मार्ग का कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान सकीड़ा प्रधान सरिता देवी, नवीन चंद्र, विजय कुमार, कमल किशोर समेत कई लोग मौजूद रहे। संवाद