16 मार्च को मतदान और मतगणना होगी, आज भी होंगे नामांकन
बागेश्वर। आगामी 16 मार्च को होेने वाले जिला बार एसोसिएशन के चुनाव की प्रक्रिया जोरशोर से चल रही है। प्रत्याशियों के नामांकन शुरू हो गए हैं। पहले दिन अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के लिए सात लोगों ने नामांकन दाखिल किया।
बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए 10 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे थे। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए तीन और सह सचिव पद के लिए दो अधिवक्ताओं ने नामांकन पत्र लिए। सोमवार को नामांकन के पहले दिन अध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार सीएस मिश्रा ने नामांकन दाखिल किया। अन्य दो प्रत्याशी गोविंद सिंह भंडारी और चंदन ऐठानी ने पहले दिन नामांकन नहीं कराया।
उपाध्यक्ष पद पर आनंद सिंह गढि़या, सचिव पद पर दिग्विजय सिंह जनौटी, कोषाध्यक्ष पद पर गोविंद प्रताप सिंह टंगड़िया, पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर हेम चंद्र सिंह राणा और कार्यकारिणी सदस्य के लिए बसंत बल्लभ पाठक ने नामांकन कराया। सबकुछ सही रहा तो इन पदों पर नामांकन कराने वाले प्रत्याशियों का निर्विरोध चयन तय है। सह सचिव पद पर पंकज सिंह धपोला और अनिल सिंह भाकुनी ने नामांकन कराया। चुनाव अधिकारी धन सिंह ठठोला और सहायक चुनाव अधिकारी मनोज जोशी ने बताया कि 12 मार्च को भी नामांकन होंगे। 13 मार्च को नामांक पत्रों की जांच और नाम वापसी होगी। 16 मार्च को मतदान और मतगणना की जाएगी।