कुमाऊं विश्व विद्यालय की सेमेस्टर परीक्षा की तिथि घोषित होने से छात्र भड़क गए हैं। गुस्साए छात्रों ने प्राचार्य से मुलाकात की और उनके माध्यम से विश्व विद्यालय के कुलपति को ज्ञापन भेजा। उन्होंने परीक्षाओं की तिथि आगे बढ़ाने की मांग की है। छात्रों ने परीक्षा तिथि को आगे नहीं बढ़ाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक गस्याल के नेतृत्व में सोमवार को प्राचार्य डा. एससी पंत से मिले छात्रों ने कहा कि गत 16 सितंबर को पीजी कक्षाओं की सेमेस्टरों की आखिरी परीक्षा समाप्त हुई है। विश्व विद्यालय प्रशासन ने अगले सेमेस्टरों की परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी है। जबकि अभी इन सेमेस्टरों का कोर्स भी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में तिथि आगे नहीं बढ़ती है तो अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने की आश लगाए विद्यार्थियों के हाथ मायूसी लगेगी। उन्होंने विश्व विद्यालय प्रशासन से छात्र छात्राओं के भविष्य को देखते हुए सेमेस्टर परीक्षाओं की तिथि में शीघ्र तब्दीली करने की मांग की है।
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में चंचल गस्याल, धीरज, उमेश उपाध्याय, धीरज उपाध्याय, रोहत खैर, राज कुंवर, जय प्रकाश गढ़िया, संदीप कुमार, कमलेश उपाध्याय, हिमांशु उपाध्याय, नवीन भट्ट, सुनील पाठक, प्रमोद परहिार, अंकिता साह, बरखा कठायत, भावना दानू, दीपा जोशी और बबीता दानू आदि शामिल थे।