कलक्ट्रेट में बैठक लेती डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम रंजना राजगुरु ने शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार लाने को लेकर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। पालिका के ईओ और एसडीएम को नगर क्षेत्र में पार्किंग निर्माण के लिए भूमि चयनित करने को कहा। एनएच और लोनिवि को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर संबंधित मुख्य मोटर मार्गों पर और गैरेजों के आगे पड़े पुराने वाहनों को चिन्हित कर उन्हें शीघ्र हटवाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारी को मुख्य मार्ग को बाधा उत्पन्न करने वाले विद्युत पोलों को शीघ्र हटवाने की कार्यवाही सुनिश्चित के साथ ही पुराने पोलों को बदलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए अनियंत्रित ढंग से वाहन खड़े करने वालों पर सख्ती से निपटने के निर्देश दिए।
एसपी ने यातायात व्यवस्था को ठीक करने के लिए पालिका के कूड़ा वाहन से वाहनों को उचित स्थान पर खड़ा करने के लिए प्रचार कराने का सुझाव दिया। डीएम ने चेकिंग के दौरान बिना सीट बेल्ट पहने वाहन संचालन करने वालों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए। एनएच को नालियों में खराब जालियों को बदलकर मजबूत जाली लगवाने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी मुकेश कुमार, पालिकाध्यक्ष गीता रावत, एडीएम राहुल गोयल, एसडीएम श्याम सिंह राणा, कोतवाल तिलक राम वर्मा, तहसीलदार दया चंद्र टम्टा, ईओ राजवीर जायसी आदि थे।