बागेश्वर। आग की चपेट में आई बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई है।
चौगांवछीना निवासी लछुली देवी (70) पत्नी रुद्र राम रविवार सुबह ठंड से बचने के लिए घर पर अंगीठी में आग सेंक रही थीं। अचानक उनके कपड़ों ने आग पकड़ ली। वह आग की लपटों में घिर गईं। घटना के समय वह घर पर अकेली थीं। बुजुर्ग के चिल्लाने पर परिवारजनों और आस पड़ोस के लोगों ने आग बुझाई लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था।
चिकित्सकों के अनुसार वह करीब 40 प्रतिशत झुलस गई थीं। सोमवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन और गांव के लोग अस्पताल पहुंचे। स्थानीय श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।