गरुड़ (बागेश्वर)। राजकीय जूनियर हाईस्कूल पिंगलों की अपनी वेबसाइट बन गई है। इस वेबसाइट की लॉन्चिंग डीईओ बेसिक आकाश सारस्वत ने की। उन्होंने कहा कि जूनियर हाईस्कूल पिंगलों की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी अब लोग घर पर ही ले सकते हैं। जिले के एक सौ और सरकारी स्कूलों की वेबसाइट शीघ्र बनेगी।
बीआरसी नौघर में वेबसाइट की लॉन्चिंग करते हुए डीईओ ने कहा कि पिंगलों जूनियर हाईस्कूल अब विश्व से जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि पिंगलों उत्तराखंड का पहला जूनियर हाईस्कूल है, जिसकी अपनी वेबसाइट है। जिले के सौ से अधिक स्कूलों की वेबसाइट बनेगी। स्कूल के हेड टीचर सुरेश सती ने कहा कि स्कूल की वेबसाइट www.gjhschoolpinglown.in है।
यह वेबसाइट जीआईसी गुनियालेख के शिक्षक गोकुल सिंह मर्तोलिया ने निशुल्क बनाई। हेडटीचर सुुरेश सती ने कहा कि स्कूल की वेबसाइट डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत बनाई गई है। इसे अन्य स्कूलों की वेबसाइट से जोड़ा जाएगा।
जिसमें नवाचार, दीवार पत्रिका, समाचार पत्रों को अपलोड किया जाएगा। वहां एबीईओ चंपा आर्या, एसएमसी अध्यक्ष दीनानाथ, नंदन सिंह अल्मिया, नीरज पंत, दलीप भाकुनी, नीता अल्मियां आदि थे। उमेश जोशी, आलोक पांडे ने संचालन किया।