बागेश्वर। बागनाथ बाल विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल बिलौना के बच्चों ने वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया। बच्चों ने मन भावन कार्यक्रम पेशकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक चंदन राम दास ने दीप जलाकर किया। उन्होंने बच्चों से मंजिल पाने के लिए कड़ी मेहनत करने को कहा। उन्होंने विद्यालय को गोद लेने और जिला पंचायत सदस्य रवि करायत ने सीसी मार्ग के लिए 50 हजार रुपया देने की घोषणा की।
विद्यालय प्रांगण में विधायक दास ने बच्चों से सुसंस्कारित बनने को कहा। अनुशासन पर जोर दिया। आज के बच्चे देश के कल के कर्णद्धार हैं। उन्हें अच्छा नागरिक बनाने के लिए अध्यापकों के साथ ही अभिभावकों की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्कूल की उपलब्धियों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने कहा कि बच्चों को रूचिकर शिक्षा देने के साथ ही उनका सामान्य ज्ञान बढ़ाने की कोशिश होनी चाहिए।
उन्होंने बच्चों को शिक्षा के अनेक टिप्स भी दिए। अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में घर पर भी ध्यान देने को कहा। कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रबंधक घनानंद जोशी ने सभी का स्वागत किया। प्रधानाचार्या पुष्पा मेहता ने सभी का आभार जताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंधक समिति के अध्यक्ष रणजीत बोरा ने की। बच्चों ने अपने कार्यक्रमों की शुरूआत सरस्वती की वंदना और स्वागत गीत गाकर किया। वहां कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल के सचिव एनबी भट्ट, अवकाश प्राप्त रेंजर पीतांबर जोशी समेत बड़ी संख्या में अभिभावक और शिक्षक मौजूद थे।