बागेश्वर। जिला पंचायत की सामान्य बैठक में जल जीवन मिशन के तहत पुरानी योजनाओं से ही नए कनेक्शन देने को लेकर जिपं सदस्यों ने सवाल खड़े किए। कहा कि इस वजह से लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए।
बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव की अध्यक्षता में विकास भवन में आयोजित बैठक में सदस्यों ने तमाम तमाम समस्याएं उठाई। सदस्यों ने कहा कि विभाग जल जीवन मिशन की योजनाओं को पलीता लगा रहे हैं। इसकी गहन जांच होनी चाहिए। बगैर पानी की उपलब्धता के योजनाएं बनाई जा रही हैं, इन योजनाओं का जनता को कोई लाभ नहीं मिल रहा है।
बैठक में बीएसएनएल, यूपीसीएल, एआरटीओ, आबकारी विभाग के अधिकारी उपस्थित नहीं हुए। इन महकमों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। जिपं अध्यक्ष ने इन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सदस्यों ने कहा कि जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ यह महत्वपूर्ण बैठक थी, लेकिन कुछ अधिकारियों ने अपने प्रतिनिधि भेज दिए। इससे समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
जिपं अध्यक्ष ने बैठक में उठी समस्याओं का तत्परता से समाधान करने के निर्देश दिए। सीडीओ संजय सिंह ने बैठक में उठे मुद्दों का गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। की गई कार्यवाही की जानकारी सदस्यों को देने के निर्देश दिए। बैठक में जिपं सदस्य जर्नादन लोहनी, गोपाल किरमोलिया, पूरन गढ़िया, गोपा धपोला, रूपा कोरंगा, नवीन नमन, मदन राम, प्रभा गढ़िया, पूजा आर्य, डीडीओ संगीता आर्य, उद्यान अधिकारी आरके सिंह समेत अनेक विभागों के अधिकारी मौजूद थे।