काफलीगैर तहसील के असों मल्ला कोट गांव में चार युवकों ने अनुसूचित जाति की एक महिला के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट और छेड़छाड़ की।
राजस्व पुलिस ने चारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की तफ्तीश रेगुलर पुलिस को सौंपने की तैयारी चल रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक असों मल्ला कोट निवासी अनुसूचित जाति की एक 34 वर्षीया महिला अपने दो बच्चों के साथ घर पर अकेली थी। उसका पति नौकरी पर है।
रविवार रात लगभग आठ बजे गांव के सुरेश सिंह, गणेश सिंह, पान सिंह और महेश सिंह शराब के नशे में धुत होकर बकरी खरीदने के बहाने उसके घर में घुस गए।
आरोप है कि चारों ने उसके साथ छेड़छाड़ और गाली गलौच की। विरोध करने पर मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए।
युवकों ने उसे जान से मारने की भी धमकी दी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद चारों वहां से फरार हो गए।
ग्रामीणों ने रात में ही झिरोली थाने में इसकी सूचना दी। थानाध्यक्ष मोहन चंद्र जोशी ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से महिला हेल्प लाइन में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह मामला राजस्व पुलिस सर्किल का होने के कारण काफलीगैर तहसील को स्थानंातरित किया गया।
इसके बाद तहसीलदार मोहन राम आर्य ने मौका मुआयना किया। तहसीलदार ने बताया कि महिला की ओर से चारों के खिलाफ धारा 323, 354, 504, 506 और 3(11)1 एससी एसटी ऐक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है।
साथ ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी सहित अन्य कार्रवाई रेगुलर पुलिस से कराने के लिए जिलाधिकारी से आग्रह किया गया है।
पुलिस अधीक्षक एनएस नपलच्याल ने बताया कि मामला रेगुलर पुलिस के पास आते ही कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच सीओ को सौंपी जाएगी।