बागेश्वर। साहब! बेटा माता-पिता के साथ मारपीट करता है। बेटा घर के कपड़े, जेवर बेच चुका है। बार-बार घर से निकलने की धमकी देता है। बेटे की मारपीट से दुखी होकर पति घर छोड़कर दूसरी जगह रहने को मजबूर हैं। उससे ग्रामीण भी भयभीत हैं। साहब! हमें हमारे बेटे से बचालो...। मदर्स डे से एक दिन पहले कलक्ट्रेट पहुंची फल्टनिया गांव की आनुली देवी ने डीएम से यह गुहार लगाई।
जिले के फल्टनियां गांव निवासी आनुली ने शनिवार को डीएम भूपाल सिंह मनराल को प्रार्थना पत्र सौंपा। उसने डीएम को बताया कि उनका 27 वर्षीय बेटा प्रमोद आए दिन परिजनों के साथ मारपीट, गाली गलौज करता है। अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए वह घर का सभी सामान बेच चुका है। बेटे की हरकतों के कारण उनका जीना दूभर हो गया है। मारपीट से बचने के लिए उसके पति किशन राम घर छोड़कर दूसरी जगह रहने को मजबूर हैं।
उसके आतंक से परेशान होने के कारण वह अपने बेटे को अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल करना चाहते हैं। इससे पहले भी पुलिस में बेटे की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन वहां से छूटकर आने के बाद फिर से मारपीट, उत्पीड़न कर रहा है। आनुली ने बताया कि उसकी हरकतों के कारण गांव वाले भी भयभीत रहते हैं। आनुली ने जान, माल की सुरक्षा की गुहार लगाते बेटे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।