बैजनाथ झील के किनारे समाधि स्थल के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग को लेकर गोस्वामी समुदाय के लोगों ने उपजिलाधिकारी का घेराव किया।
इस दौरान लोगों की एसडीएम से कहासुनी भी हुई। लंबी बातचीत के बाद भी कोई हल नहीं निकलने से लोगों में नाराजगी है।
मालूम हो कि गोस्वामी समुदाय के लोगों का समाधि स्थल बैजनाथ में बनी कृत्रिम झील में समा गया है। प्रशासन ने जो भूमि समाधि स्थल के लिए उपलब्ध कराई है ग्रामीणों को वह भूमि मंजूर नहीं है।
झील के समीप समाधि स्थल के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सोमवार को गोस्वामी समुदाय के लोग ब्लाक प्रमुख भरत फर्स्वाण और जिला पंचायत सदस्य शिव सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचे।
ग्रामीणों ने प्रशासन की ओर से चयनित भूमि में समाधि स्थल बनाने से इनकार करते हुए झील के समीप भूमि उपलब्ध कराने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि सदियों से गोस्वामी समुदाय का इसी स्थल पर समाधि स्थल रहा है।
प्रशासन को उस स्थान को समाधि स्थल के लिए उपलब्ध कराना चाहिए। इस दौरान ग्रामीणों की एसडीएम रवींद्र सिंह के साथ कहासुनी भी हुई।
बावजूद इसके कोई नतीजा नहीं निकला। एसडीएम का घेराव करने वालों में ग्राम प्रधान अनीता गोस्वामी, भगवत गोस्वामी, रंजीत डसीला सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।