बागेश्वर में सरयू का विशेष महत्व है। मकर संक्रांति के दिन हजारों लोग सरयू-गोमती संगम पर स्नान के लिए आते हैं। धार्मिक महत्व के बावजूद सरयू में लोग कूड़ा डालते हैं। नदी कूड़ामुक्त हो इसके लिए अमर उजाला की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया था। इस अभियान के बाद पालिका ने घाटों व नदी की सफाई का कार्य शुरू किया। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने भी इस अभियान की प्रशंसा करते हुए सरयू को कूड़ा मुक्त करने को लेकर जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। शुक्रवार को उन्होंने नदी की सफाई करने के साथ ही कूड़ा डालने वालों को सख्त संदेश दिया।
बागेश्वर। मोक्षदायिनी सरयू की सफाई के लिए शुक्रवार को बागेश्वर में बड़ा अभियान चला। डीएम सहित तमाम सरकारी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूलों के बच्चों ने नदी में उतरकर कूड़े की सफाई की। यह अभियान सूरजकुंड से लेकर बिलौना तक चलाया गया। नदी में सफाई अभियान जारी रहेगा।
शुक्रवार को डीएम मंगेश घिल्डियाल के निर्देश पर सरयू में सफाई अभियान चलाया गया। इसके लिए अलग-अलग टीमें गठित कर सरयू नदी की सफाई की गई। नुमाइशखेत से लेकर अग्निकुंड, राधाकृष्ण मंदिर सहित तमाम प्रमुख स्थलों के निकट नदी में डाले गए कूड़े को एकत्र कर जलाया गया। डीएम ने स्वयं हाथ में झाडू लेकर नदी में एकत्र कूड़े को एकत्र कर निस्तारित किया। उन्होंने सरयू में कूड़ा करकट न डालने की अपील की। कहा कि नदी में कूड़ा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में एडीएम एसएस जंगपांगी, एसडीएम एसएस राना, तहसीलदार गौरी दत्त तिवारी, ईओ नगरपालिका ईश्वर सिंह रावत, सीईओ आरसी आर्य, वृक्ष प्रेमी किशन मलड़ा सहित सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। इससे पूर्व स्कूली बच्चों ने नगर में जागरूकता रैली निकाली। बच्चों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर लोगों से नदी में कूड़ा न डालने का आह्वान किया।
बागेश्वर की शान और पहचान है सरयू
बागेश्वर। शुक्रवार को सरयू में चलाए गए वृहद स्वच्छता अभियान के मौके पर डीएम मंगेश घिल्डियाल ने सरयू को बागेश्वर की शान और पहचान बताया। उन्होंने सभी को संकल्प दिलवाया कि हम न तो नदी को गंदा होने देंगे और न ही गंदा करेंगे। उन्होंने स्कूली बच्चों से नदी और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए पहल करने का आह्वान किया। उन्होंने नदी किनारे शौच करने वालों पर भी कार्रवाई की बात कही।
कूड़ा डालने वालों की फोटोग्राफी करें
बागेश्वर। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने नदी में कूड़ा न डालने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने जागरूक लोगों और बच्चों से नदी में कूड़ा डालने वालों की फोटोग्राफी करने को कहा। कहा कूड़ा डालने वालों की फोटो व्हॉट्सएप नंबर 9897108634 पर भेज सकते हैं ताकि उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा सरयू को दूषित करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा।