बागेश्वर के एक निजी होटल में शपथ लेते नवनियुक्त पदाधिकारी।
बागेश्वर। एससी-एसटी शिक्षक एसोसिएशन का दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन नई कार्यकारिणी के निर्विरोध निर्वाचन के साथ संपन्न हो गया है। इस दौरान शिक्षक हितों, विभागीय समस्याओं और संगठन की मजबूती से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन मंथन किया गया।
शनिवार को अधिवेशन के अंतिम दिन आयोजित चुनाव प्रक्रिया के तहत संजय कुमार टम्टा को सर्वसम्मति से संगठन का जिलाध्यक्ष और सुधीर कुमार टम्टा को महामंत्री निर्वाचित किया गया। इसके अलावा कमलेश कुमार को उपाध्यक्ष और चतुर राम आर्य को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया और बधाई दी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय कुमार टम्टा और महामंत्री सुधीर कुमार टम्टा ने सभी सदस्यों का आभार जताया। कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा से खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान, अधिकारों की रक्षा और संगठन को धरातल पर मजबूत बनाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। वक्ताओं ने एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षकों के उत्पीड़न और हकों की लड़ाई के लिए मजबूत संगठन का होना बेहद जरूरी है।