कपकोट/बागेश्वर। लोनिवि की उदासीनता के कारण बदहाल हो चुकी कपकोट-पोलिंग-गैरखेत-हरसीला सड़क की मरम्मत का काम जारी है। ग्रामीणों ने चार दिन में ढाई किमी सड़क को वाहन संचालन लायक बना दिया है। ग्रामीणों ने शेष ढाई किमी सड़क को भी ठीक करने की ठानी है।
सड़क का पांच किमी हिस्सा कच्चा है। सड़क इस कदर बदहाल है कि वाहन संचालन नहीं हो पाता। यदि कोई वाहन चालक हिम्मत कर इस सड़क पर वाहन ले भी जाता है तो वाहन दलदल में फंस जाता है। वाहन को धक्के मारकर निकालना पड़ता है। गैरखेत के पूर्व ग्राम प्रधान दरवान कपकोटी और वरिष्ठ नागरिकों की पहल पर लोनिवि को सबक सिखाने के लिए बीते बृहस्पतिवार से गैरखेत के बच्चे, युवा, महिला, पुरुष स्वयं ही सड़क के सुधारीकरण के काम में जुट गए। यह लोग नाली की सफाई करने के साथ ही उबड़-खाबड़ सड़क पर बने गड्ढों को भर रहे हैं।
कोट
-गैरखेत गांव के लिए वर्ष 2010-11 में सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया था लेकिन लोनिवि की उदासीनता और इच्छाशक्ति के अभाव के कारण आज तक भी काम पूर्ण नहीं हो पाया है। जनप्रतिनिधियों और सरकार से विश्वास उठ गया है।
मंजू देवी ग्राम प्रधान गैरखेत
-न तो प्रशासन सुन रहा है और न ही शासन कोई कदम उठा रहा है। ऐसे में सरकारी मदद की राह देखने से तो अच्छा है कि खुद ही गांव तक जाने का रास्ता बना लिया जाए।
गिरीश राम पूर्व प्रधान
-पोलिंग-गैरखेत-हरसीला सड़क का पांच किमी का हिस्सा कच्चा है। सड़क से मलबा हटाने के लिए जेसीबी भेजी जाती है। जेसीबी के बड़े टायर होने के कारण सड़क पर और कीचड़ हो जाता है। शासन को डामरीकरण के लिए तीन करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। संजय कुमार पांडेय ईई लोनिवि कपकोट
कोट
पोलिंग-गैरखेत-हरसीला सड़क में सुधारीकरण क्यों नहीं हो रहा है, इसकी जानकारी विभाग से ली जाएगी। यदि बजट की कमी है तो बजट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
विनीत कुमार जिलाधिकारी बागेश्वर