बागेश्वर में पकड़े गए रुद्रपुर के चरस तस्कर
- फोटो : अमर उजाला
कपकोट (बागेश्वर)। नकली पिस्टल दिखाकर धमका रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ने के बाद पुलिस को सौंप दिया। तलाशी लेने पर युवकों के पास से 460 ग्राम चरस बरामद हुई। युवकों के पास से असली नोटों के भीतर कागज लगाकर तैयार की गई हजार और पांच सौ की दो गड्डियां भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार की देर शाम आल्टो कार में आए दो युवक पुड़कुनी गांव में नकली पिस्टल दिखाकर ग्रामीणों को धमकाने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने युवकों को हरसीला के पास पकड़ लिया। भीड़ ने इन युवकों की पिटाई भी की। इसके बाद पुड़कुनी के ग्राम प्रधान आनंद सिंह मेहता सहित अन्य ग्रामीण दोनों युवकों को पकड़कर रात्रि 10 बजे कपकोट थाने ले गए।
पूछताछ में युवकों ने अपना नाम विवेक बाठला और शिवशंकर निवासी रुद्रपुर बताया। पुलिस ने युवकों के वाहन की तलाशी ली तो उसमें 460 ग्राम चरस और एक हजार और पांच सौ के नोटों की दो गड्डियां बरामद हुई। इन गड्डियों में आगे और पीछे लगे नोट ही असली थे जबकि बीच में कागज लगाए गए थे।
पुलिस की जांच में युवकों से बरामद पिस्टल भी नकली पाई गई। पुलिस ने युवकों को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार करने के साथ ही बरामद सामान को जब्त करने के बाद सील कर दिया। युवकों की आल्टो कार यूके 06/क्यू 7532 को भी सीज कर दिया है। मामले की विवेचना एसआई बलवीर सिंह कर रहे हैं।
कपकोट। माना जा रहा है कि कागजों से तैयार एक हजार और पांच सौ के नोटों की गड्डियां लेकर पहुंचे युवकों की योजना चरस का सौदा करने के बाद कोरे कागज की गड्डी से ठगी करने का भी इरादा था, लेकिन ग्रामीणों को नकली पिस्टल दिखाना इन युवकों को महंगा पड़ गया और उन्हें जेल की हवा खानी पड़ी।