गरुड़ (बागेश्वर)। सड़क सुविधा से वंचित गांंवों को वाहन सुविधा से जोड़ने की मुहिम जिले में जोरशोर से चल रही है। दूरस्थ गांवों तक मोटर मार्गों का निर्माण किया जा रहा है। तहसील क्षेत्र के तल्लाधार गांव तक सड़क निर्माण की कवायद भी शुरू हो गई है।
गरुड़-कंधार-पत्थरखानी से तल्लाधार के लिए स्वीकृत सड़क का मिलान ग्वालदम मोटर मार्ग तक किया जाना है। पांच किमी सड़क का कटान करीब 80 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। सड़क के बनने से क्षेत्र के तल्लाधार, रैतोली, रीठा की करीब 1000 की आबादी को लाभ मिलेगा। यह सड़क लिंक मार्ग का काम भी करेगी। कार्यदायी संस्था लोनिवि के ईई एसके पांडेय ने बताया कि यह सड़क मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। अब निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सड़क पर पेड़ छपान का कार्य पूरा हो गया है। निविदा प्रक्रिया भी कराई जा चुकी है। जल्द ही भूमि पूजन के बाद सड़क कटान का काम शुरू किया जाएगा। पांच किमी लंबी सड़क बनाने के लिए एक साल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संवाद