रीमा क्षेत्र में बदहाल पड़ी सड़क।
- फोटो : अमर उजाला
रीमा से रैखोलागांव तक सड़क बदहाल पड़ी हुई है। सड़क पर जगह-जगह पर गड्ढे बने हुए हैं। बारिश होने पर इस सड़क में खड़िया पड़ी होने से वाहनों के रपटने का खतरा भी बना हुआ है। सड़क की बदहाली से राहगीर भी परेशान हैं।
खड़िया खनन का कारोबार भले ही इस समय बंद हो लेकिन खनन से यहां की सड़कें वर्षों से बदहाल पड़ी हैं। दिन रात खड़िया से लदे ट्रकों, डंपरों और जेसीबी सहित अन्य मशीनों के चलने से मार्ग पर गड्ढे बने हुए हैं। जहां सामान्य मौसम में वाहनों के चलने पर धूल उड़ती रहती हैं वहीं बारिश से सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है।
बारिश शुरू होते ही इसमें आए दिन दुपहिया वाहन रपटते रहते हैं। जीपों के भी फिसलने का खतरा बना रहता है। रीमा से रैखोला गांव तक लगभग तीन किमी सड़क इस समय पूरी तरह से बदहाल पड़ी है। बारिश होने से सड़क के गड्ढों में पानी जमा है।
पूरी सड़क के कीचड़ से सने होने के कारण राहगीरों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिसलने के भय से अधिकांश लोग दुपहिया वाहन तक चलाने से कतराते हैं। सुरकालीगांव के ग्राम प्रधान तिलक गोस्वामी, कुंदन रैखौला, गणेण सुरकाली, योगेश हरड़िया , राजेश भौंर्याल, बहादुर राम आदि ने मोटर मार्ग में डामरीकरण करने की मांग की है।