गरुड़ (बागेश्वर)। चमोली जिले की सीमा से सटे गांव दाबू और हड़ाप के लोगों के लिए अच्छी खबर है। दोनों सीमांत गांवों के लिए मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। उम्मीद है कि इस साल के अंत तक दोनों गांव सड़क से जुड़ जाएंगे।
दाबू और हड़ाप दोनों सिमगड़ी ग्राम पंचायत के तोक हैं। दाबू गांव में अनुसूचित जाति के परिवार निवास करते हैं। दोनों गांवों तक जाने के लिए लोगों को पैदल दूरी तय करनी पड़ती है।
पय्यां से दाबू के लिए सड़क का कटान कार्य करीब एक किमी तक पूर्व में हुआ था। हालांकि अब तक सड़क पर वाहन नहीं चलते हैं। अब दोनों गांवों तक सड़क का निर्माण करने की कवायद शुरू हो गई है। पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता गिरीश चौबे ने बताया कि गांवों को जोड़ने के लिए 9.5 किमी सड़क का निर्माण कार्य 15.47 करोड़ रुपये की लागत से किया जाना है।
दो महीने के भीतर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। एक साल के भीतर सड़क का काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सड़क बनने के बाद सीमांत के दोनों गांवों के लोगों की आवाजाही सुगम हो जाएगी।