कपकोट/बागेश्वर। भराड़ी-सौंग सड़क पर डामरीकरण का कार्य शुरू हो गया है। स्थानीय लोग आठ साल से इस सड़क पर डामरीकरण कर मांग कर रहे थे। डामरीकरण शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली है।
भराड़ी-सौंग सड़क की बदहाली से स्थानीय लोग आठ साल से परेशान थे। लोगों ने सड़क पर डामरीकरण की मांग को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की। आखिरकार सड़क पर किमी पांच रीठाबगड़ से किमी दस सलिंग तक पांच किमी दूरी में 70 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इसी सड़क से प्रसिद्ध ट्रैकिंग रूट पिंडारी और सुंदरढूंगा ग्लेशियर की यात्रा भी की जाती है। यह सड़क सरयू नदी के उद्गम स्थल सहस्रधारा और सरमूल को जोड़ती है। डामरीकरण शुरू होने पर लोगों ने विभाग से गुणवत्तापरक डामरीकरण की मांग की है। सड़क पर लोनिवि के मुताबिक मानकों के अनुसार डामरीकरण किया जा रहा है। वहीं, कपकोट-पोथिंग सड़क पर भी डामरीकरण का काम शुरू हो गया है। वर्ष 2012 से बदहाल सड़क कई जगहों पर गड्ढों से पटी थी। सड़क पर 20 लाख रुपये की लागत से दूणी मोड़ और भगवती मंदिर तक करीब छह किमी दूरी में डामरीकरण का काम चल रहा है। विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने कार्यदायी संस्थाओं को डामरीकरण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी है।