ग्राहकों को शराब पिलाना दो रेस्टोरेंट के मालिकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने दोनों रेस्टोरेंट मालिकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रतिदिन होटलों और रेस्टोरेंटों की चेकिंग कर रही है। एसपी ने होटल और रेस्टोरेंटों में शराब पिलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
कोतवाली से मिली जानकारी के अनुसार विधानसभा चुनावों और उत्तरायणी पर्व को देखते हुए पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार की शाम को चेकिंग के दौरान पूरन चंद्र और किशन सिंह के रेस्टोरेंटों में लोग शराब पीते पाए गए। गश्त के दौरान पुलिस ने ग्राहकों को शराब परोसने पर दोनों रेस्टोरेंट संचालकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक सुखवीर सिंह ने बताया कि होटल और रेस्टोरेंट मालिकों को शराब नहीं पिलाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। नगर से लेकर कस्बों तक के सभी स्थानों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यदि किसी भी होटल या रेस्टोरेंट में लोग शराब पीते नजर आए तो संबंधित संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि होटल और रेस्टोरेंटों की नियमित चेकिंग की जाएगी।