उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ का जनपदीय वार्षिक अधिवेशन स्वराज भवन में मनाया गया। क्षेत्रीय विधायक चंदन राम दास ने बतौर मुख्य अतिथि अधिवेशन का शुभारंभ किया। अधिवेशन में सेवानिवृत्त शिक्षकों और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
मंगलवार को स्वराज भवन में आयोजित अधिवेशन में शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जन सहयोग से स्थापित अशासकीय विद्यालयों में आरटीई एक्ट के अनुरूप भौतिक संसाधनों की व्यवस्था करने और रमसा के तहत शामिल कर आर्थिक अनुदान देने की नीति बनाने, डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना करने, शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने, शिक्षकों की नियमित और पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित करने, विद्यालयों में रिक्त लिपिकीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर शीघ्र नियमित नियुक्ति करने, तदर्श शिक्षकों को विनियमित करने और अशासकीय विद्यालयों के सेवानिवृत्त शिक्षकों को सातवें वेतन के अनुसार पेंशन और ग्रेच्युटी देने सहित 16 सूत्रीय मांग पत्र मुख्य अतिथि को सौंपा।
गणेश दत्त पांडेय की अध्यक्षता और महामंत्री कैलाश अंडोला के संचालन में आयोजित अधिवेशन में मुख्य रूप से शैक्षिक उन्नयन पर चर्चा की गई। सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों और मेधावी बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार तेवाड़ी, जगदीश कालाकोटी, विक्रम साही, प्रकाश टाकुली, गोपाल दत्त जोशी, रमेश गड़िया, प्रदीप गडिया, हरीश कार्की, रमेश कांडपाल, मोहन जोशी, त्रिलोक राम, प्रकाश कालाकोटी आदि शिक्षक मौजूद थे।