बौगेश्वर की बैठक में वन संरक्षक, बागेश्वर और कपकोट के विधायक
- फोटो : अमर उजाला
वन संरक्षक डॉ. आईपी सिंह की अध्यक्षता में यहां हुई बैठक में वन भूमि हस्तांतरण प्रस्तावों के लंबित प्रकरण की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र की 14 और कपकोट विधान सभा क्षेत्र की 31 सड़कों की आपत्तियों का निस्तारण किया गया। वन संरक्षक ने अधिकारियों को सड़कों और अन्य विकास योजनाओं के निर्माण के लिए वन अधिनियम की लंबित मामलों निस्तारण की कार्रवाई समय पर करने के निर्देश दिए।
प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय सभागार में हुई बैठक में वन संरक्षक डॉ. सिंह ने कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं और अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में मौजूद बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास और कपकोट के विधायक बलवंत भौर्याल ने अपने-अपने क्षेत्र की वन भूमि हस्तांतरण के तहत लटके सड़कों और अन्य विकास योजनाओं के निर्माण के मामलों के बारे में बताया। कहा कि वन भूमि के हस्तांतरण में देरी नहीं की जानी चाहिए। समय से हस्तांतरण न होने से विकास कार्यों का निर्माण नहीं हो पाता है।
इससे लोगों को समय से विकास योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। डॉ. सिंह ने अधिकारियों को वन भूमि हस्तांतरण की सरल और तेज प्रक्रिया की बारीकियां समझाई। प्रभागीय वनाधिकारी आरके सिंह ने वन भूमि हस्तांतरण संबंधी फाइलों पर अपने स्तर से की गई कार्यवाही के बारे में विस्तार से बताया। बैठक में ग्रामीण निर्माण विभाग ईई अल्लादिया, पीएमजीएसवाई के ईई राजेंद्र प्रसाद, पीएमजीएसवाई कपकोट के ईई मनोज कुमार, डीडब्ल्यूडी के परियोजना अधिकारी गोपा बिष्ट आदि अधिकारी मौजूद थे।