बागेश्वर में यूथ कांग्रेस की रैली को हरी झंडी दिखाते हरीश रावत। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
यूथ कांग्रेस ने भाजपा की केंद्र सरकार के छह साल के कार्यकाल को देश के विनाश की कहानी बताया। उन्होंने जिला मुख्यालय में देश में बढ़ती महंगाई, देश की धरोहरों एलआईसी, बीएसएनएल, आईडीबीआई, रेल, एयरपोर्ट को बेचने, किसान बिल, लेबर कोड बिल के विरोध में ढोल नगाड़ों के साथ रैली निकाली।
शनिवार को आयोजित रैली को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने झंडी दिखाई। रावत ने यूथ कांग्रेस के कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस के युवा सरकार की गलत नीतियों का लगातार विरोध कर रहे हैं। केंद्र सरकार देश को निजीकरण की ओर ले जा रही है। इससे सरकारी नौकरियों के अवसर भी घटेंगे। राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कवि जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार चंद पूंजीपतियों के हाथ की कठपुतली बन गई है। पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए नीतियां बनाई जा रही हैं।
बजट भी उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाला पारित किया गया है। देश की परिसंपत्ति बेचने वाला बजट पेश किया गया है। इसका जवाब जनता चुनाव में देगी। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष गीता रावल, यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंकुर उपाध्याय, ईश्वर पांडेय, सुनीता टम्टा, लक्ष्मी धर्मशक्तू, गीतांजलि, प्रकाश कोहली, लक्ष्मण आर्य, गणेश कुमार, उमेश मनराल आदि थे।