बागेश्वर। कनलगढ़ घाटी में आई आपदा में शासन-प्रशासन के साथ रेडक्राॅस सोसायटी भी आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है। बेघर हुए लोगों को समिति ने राहत और खाद्य सामग्री मुहैया कराई है। अपना मकान ध्वस्त होने के बावजूद छह किमी दूर जाकर सूचना देने वाले मनोज राम को सम्मानित भी किया।
शुक्रवार को आपदा की सूचना के बाद रेडक्रॉस स्वयंसेवी चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण के नेतृत्व में बैसानी पहुंचे और राहत कैंप में रह रहे 12 परिवारों को कंबल, तिरपाल, बर्तन, किचन सेट आदि मुहैया। दूसरे दिन समिति ने 40 किट खाद्य सामग्री और दो पेटी पानी उपलब्ध कराई। जिला सचिव आलोक पांडेय ने बताया कि सबसे पहले प्रशासन को सूचना देने वाले मनोज को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। विधायक सुरेश गढि़या ने कहा कि जिले में कहीं भी आपदा जैसे हालात हों, रेडक्रॉस हरसंभव मदद करती है।