बागेश्वर। उत्तराखंड रणजी टीम के पेसर देवेंद्र बोरा का गांव छतीना अब तक सड़क से नहीं जुड़ सका है। ग्रामीणों को सड़क तक आने के लिए चार किमी की दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर जल्द सड़क का निर्माण करवाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने डीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर बताया है कि छतीना जिला मुख्यालय से महज 10 किमी के दायरे में है। गांव में सब्जी और दुग्ध उत्पाद प्रचुर मात्रा में होता है। अधिकतर लोगों की आजीविका भी इसी से चलती है। गांव तक सड़क नहीं होने से लोगों को सब्जी, दूध, फल आदि ढोकर सड़क तक लाने पड़ते हैं। खड़ी चढ़ाई में बोझ लेकर आने-जाने में दिक्कत होती है। 200 की आबादी वाले गांव से सड़क सुविधा के अभाव में पलायन भी बढ़ रहा है। कई बार ग्रामीण सड़क की मांग के लिए पूर्व में ज्ञापन दे चुके हैं। सड़क का सर्वे भी हो चुका है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क का काम शुरू करवाने की मांग की है। इस मौके पर सुरेश सिंह, नंदन सिंह, माया देवी, सुनीता देवी, राखी बोरा, नीमा देवी, चंदन सिंह, रमेश राम आदि मौजूद रहे।