गरुड़ (बागेश्वर)। शरदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध रामलीला मंचन को लेकर गरुड़ और टीट बाजार में सांस्कृतिक उत्साह चरम पर है। आदर्श रामलीला कमेटी गरुड़ और कत्यूर रामलीला कमेटी टीट बाजार की ओर से रामलीला के विभिन्न पात्रों का चयन कर मंचन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
चयनित कलाकारों को अनुभवी कलाकारों और रंगकर्मियों की ओर से पात्रों के अनुरूप ढालने के लिए अभिनय, संवाद अदायगी और मंचीय प्रस्तुति की बारीकियों का गहन अभ्यास कराया जा रहा है। वरिष्ठ साहित्यकार मोहन चंद्र जोशी और शिक्षक नीरज पंत ने बताया कि रामलीला मंचन को भव्य और प्रभावशाली बनाने के लिए चयनित कलाकारों को करीब डेढ़ महीने तक नियमित तालीम दी जाती है जिससे दर्शक मंचन से जीवंत रूप से जुड़ सकें। तैयारियों के दौरान डीके नेगी, कैलाश चंद्र जोशी, विपिन तिवारी, गणेश पांडे, भगवत नेगी, दीपक गोस्वामी, हेम वर्मा, अशोक रावत और राहुल बिष्ट आदि मौजूद रहे।