बागेश्वर। राजीव नवोदय विद्यालय के 12 से अधिक बच्चों के बीमार होने की सूचना के बाद डॉक्टर्स की टीम ने सीएमओ के निर्देश पर विद्यालय पहुंचकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बुखार से पीड़ित पांच बच्चों को स्वास्थ्य लाभ के लिए छुट्टी पर घर भेज दिया गया है।
बहुली में स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में पढ़ने वाले 12 से अधिक छात्रों को बुखार, सिरदर्द, खांसी, उल्टी, कमजोरी की शिकायत मिली थी। एक साथ इतने बच्चों के बीमार पड़ने पर सोमवार को सभी बच्चों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां बच्चों को जांच के बाद दवाइयां देकर वापस स्कूल भेज दिया था।
मंगलवार को सीएमओ डॉ. जेसी मंडल ने जिला अस्पताल से स्वास्थ्य विभाग की एक टीम को नवोदय स्कूल भेजा। डॉक्टर्स की टीम ने बीमारी से पीड़ित बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर दवाइयां दी। इस दौरान डॉक्टर्स ने विद्यालय प्रबंधन को बच्चों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राधेश्याम सिंह यादव ने बताया कि सभी बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर दवाइयां दी जा रही हैं। पांच बच्चों को स्वास्थ्य लाभ के लिए उनके अभिभावकों के साथ छुट्टी पर घर भेज दिया गया है।