बागेश्वर। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के शिक्षक अभिभावक संघ (पीटीए) ने बच्चों का भविष्य सुधारने की पहल की है। इसके तहत प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर भवन निर्माण समेत स्कूल की समस्याओं के समाधान की मांग की है। पीटीए अध्यक्ष दरबान सिंह बिष्ट के साथ आए अभिभावकों ने रविवार को डीएम भूपाल सिंह मनराल के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
जिसमें राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में प्राचार्य सहित कई शिक्षकों के पद भरने, चयनित स्थल पर स्कूल भवन का शीघ्र निर्माण करने, भवन निर्माण तक बच्चों के लिए अस्थायी रूप से लैब, पुस्तकालय की व्यवस्था करने, अतिरिक्त कमरों की व्यवस्था करने, स्कूल भवन की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी, विद्युत, पेयजल, फर्नीचर, खेलकूद सामग्री, साज सज्जा आदि के लिए पर्याप्त बजट दिलाने की मांग की है।
अभिभावकों का कहना है कि सुविधाओं के अभाव में कई अभिभावक अपने बच्चों को राजीव नवोदय स्कूल से निकालकर अन्य स्कूलों में पढ़ाने को मजबूर हो रहे हैं। ज्ञापन में धीरज चंद्र जोशी, मंगल सिंह बिष्ट, मुरलीधर जोशी, विपिन चंद्र बिष्ट, रमेश तिरुवा, संतोष गुरुंग के हस्ताक्षर हैं।