अल्मोड़ा। दीपावली के त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ रही भीड़ के बीच अल्मोड़ा पुलिस ने महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया। महिला कोतवाल जानकी भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को स्थानीय बाजारों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।
विज्ञापन
महिला कांस्टेबल रजनी जोशी और उषा ने बाजार में खरीदारी करने आई महिलाओं से संवाद कर उन्हें साइबर ठगी के तरीकों जैसे अनजान लिंक पर क्लिक न करने, क्यूआर कोड स्कैन न करने, ओटीपी और एटीएम पिन साझा न करने की सलाह दी। पुलिस टीम ने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाले फ्रॉड को लेकर सचेत किया और बताया कि कोई भी जांच एजेंसी वीडियो कॉल पर किसी को अरेस्ट नहीं करती है।
इसके अलावा महिलाओं को घरेलू हिंसा, ह्यूमन ट्रैफिकिंग और बच्चों से जुड़े अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए उत्तराखंड पुलिस के गौरा शक्ति ऐप को डाउनलोड कराया गया। संवाद