बागेश्वर। जिले में बीते शुक्रवार से लगातार जारी मूसलाधार बारिश ने सामान्य जनजीवन के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था को भी पूरी तरह से पटरी से उतार दिया है। सड़कों पर भूस्खलन और मलबे के कारण जिले का संपर्क राज्य के अन्य बड़े शहरों से लगभग बाधित सा हो गया। जिला मुख्यालय और ग्रामीण अंचलों से हल्द्वानी के लिए रोजाना संचालित होने वालीं करीब 16 से 17 केमू बस सेवाओं में से रविवार को महज चार बसों का ही संचालन हो सका।
बस अड्डे से जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पांच बजे हल्द्वानी से बागेश्वर के लिए रवाना हुई बसें सड़कों की बदहाली और जगह-जगह मार्ग अवरुद्ध होने के कारण देर रात 11 बजे जिला मुख्यालय पहुंच सकीं। अमूमन पांच से छह घंटे का यह सफर पूरा करने में यात्रियों को 18 घंटे तक का समय लगा और पूरे रास्ते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम के बिगड़े मिजाज और सड़कों की खतरनाक स्थिति को देखते हुए रविवार को हल्द्वानी स्थित केमू मुख्यालय से बसों के डिस्पैच पर रोक लगा दी गई। इस कारण रविवार शाम तक जिला मुख्यालय पर नाममात्र की बसें ही पहुंच सकीं, जिससे गंतव्य को जाने वाले यात्री परेशान नजर आए।
उड़ान पर भी ब्रेक, हेली सेवाएं प्रभावित
सड़क मार्ग के साथ-साथ हवाई यातायात भी बारिश से प्रभावित रहा। गरुड़ स्थित मेलाडूंगरी हेलीपैड से प्रतिदिन नियमित रूप से संचालित होने वाली हल्द्वानी की दो और देहरादून की दो हेली सेवाओं का संचालन पूरी तरह ठप रहा। दृश्यता बेहद कम होने और खराब मौसम के चलते हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सके, जिससे आपातकालीन और दूरदराज की यात्रा करने वाले यात्रियों को निराशा हाथ लगी।