टनकपुर-बागेश्वर रेल निर्माण संघर्ष समिति ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती है संघर्ष जारी रखा जाएगा।
तहसील परिसर में रविवार को रेल निर्माण संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई। समिति की अध्यक्ष नीमा दफौटी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बागेश्वर के लिए रेल लाइन निर्माण की मांग को आज लंबा समय बीत गया है, परंतु सरकारों की ओर से इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के साथ ही टनकपुर-बागेश्वर और रामनगर-चौखुलिया रेल लाइन का निर्माण भी किया जाना चाहिए। रेल लाइन बनने से पहाड़ का विकास होगा। पदाधिकारियों व सदस्यों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है संघर्ष जारी रहेगा। इसके बाद एक सूत्रीय मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन करने वालों में खड़क राम आर्य, केवल सिंह डियोड़ी, हयात सिंह मेहता, प्रवीण सिंह दफौटी, बीएस गढ़िया, मोहन चंद्र उप्रेती, खीम सिंह मेहता, चंदन सिंह, मोहन चंद्र जोशी रतन सिंह, नर सिंह, सुनीता टम्टा, सरस्वती गैलाकोटी, लक्ष्मी धर्मशक्तू, मालती पांडे, लक्ष्मी गोस्वामी आदि मौजूद थे।