बागेश्वर की एसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने रिवर राफ्टिंग के प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र बांटे।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। पर्यटन विभाग के पहले चरण का छह दिनी रिवर राफ्टिंग शिविर सोमवार को संपन्न हो गया। इसके समापन सत्र में एसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र बांटे। अब मंगलवार से दूसरे चरण का प्रशिक्षण शिविर शुरू होगा।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य ने कहा कि केएमवीएन के सहयोग से रिवर राफ्टिंग शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने साहसिक पर्यटन संबंधी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। गंभीरता से प्रशिक्षण लेने के लिए प्रशिक्षणार्थियों को बधाई भी दी। मुख्य अतिथि एसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने राफ्टिंग के क्षेत्र में ऋषिकेश अपनी खास पहचान बना चुका है जबकि जिले में भी इसकी बड़ी संभावनाएं हैं।
एसपी ने भी राफ्टिंग करने की इच्छा जताई। कहा कि राफ्टिंग पर्यटन और स्वरोजगार का भी बेहतर माध्यम है। इस प्रकार के शिविर होते रहने चाहिए। इस दौरान टीआरसी परिसर में पौधरोपण भी किया गया। केएमवीएन के प्रशिक्षक और टीआरसी पिथौरागढ़ के प्रबंधक दिनेश चंद्र गुरुरानी ने भी आयोजन को सराहा।
छात्र-छात्राओं ने रिवर गाइड गणेश धामी, भूपेंद्र सिंह, दीप बिष्ट के साथ आरे से बिलौना तक राफ्टिंग भी की। इस दौरान साहसिक खेल प्रबंधक राकेश कपकोटी, टीआरसी के प्रबंधक हरक सिंह मेहरा, चंदन सिंह बिष्ट, किशन राम आर्य, विजय पांडेय आदि थे।