बागेश्वर जिला अस्पताल में बंद पड़ा अल्ट्रासाउंड कक्ष। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर रहने से जिला अस्पताल में पिछले दस दिनों से अल्ट्रासाउंड बंद हैं। अल्ट्रासाउंड के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्भवती महिलाओं को निजी क्लीनिकों में ज्यादा पैसे देकर अल्ट्रासाउंड कराना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल की रेडियोलॉजिस्ट 19 जनवरी से दो फरवरी तक अवकाश पर हैं। इस दौरान अल्ट्रासाउंड के लिए कोई और व्यवस्था नहीं की गई है। अल्ट्रासाउंड नहीं होने से अधिकतर लोगों को अस्पताल से मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। अस्पताल में रोजाना सौ से भी अधिक लोग अल्ट्रासाउंड के लिए आते हैं। एक दिन में 50 से 60 लोगों के अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं।
जीतनगर के समाजसेवी उमेश उपाध्याय का कहना है कि रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर हैं तो स्वास्थ्य विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी। रोजाना लोग दूर-दूर से अल्ट्रासाउंड के लिए पहुंच रहे हैं, उन्हें बिना अल्ट्रासाउंड कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है। सीएमओ डॉ. बीडी जोशी ने बताया कि जिला अस्पताल में सीएचसी बैजनाथ के रेडियोलॉजिस्ट के माध्यम से अल्ट्रासाउंड कराने व्यवस्था की जा रही है।