जिला अस्पताल में खसरा रुबेला टीकाकरण का शुभारंभ करते विधायक व डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
जिला अस्पताल में सोमवार को खसरा और रुबेला टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। विधायक चंदनराम दास, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐंठानी, पालिका अध्यक्ष गीता रावल, डीएम रंजना ने फीता काटकर किया। डीएम ने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को निमोनिया, दस्त, दिमागी संक्रमण जैसी घातक बीमारियों से बचाने के लिए यह टीका अवश्य लगवाने की अपील की। बताया कि यह टीका निशुल्क ही लगाया जा रहा है।
डीएम ने बताया कि टीकाकरण अभियान 30 नवंबर तक जिले के सभी स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों में चलाया जाएगा। उन्होंने अभियान में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को नौ माह से 15 साल तक के बच्चों को टीकाकरण करने के निर्देश दिए। टीकाकरण के लिए जिले में 695 बूथ बनाए गए हैं। इनमें कुल 62,129 बच्चों को टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। जिले में बागेश्वर केंद्र में 29,961, बैजनाथ केंद्र 16,510 और कपकोट में 15,658 बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि यह टीकाकरण अभियान बागेश्वर ब्लॉक के 331 सरकारी और 55 निजी स्कूलों में जबकि बैजनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के 201 सरकारी तथा 33 निजी विद्यालयों में चलाया जाएगा। कपकोट स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत 292 सरकारी और 46 निजी विद्यालयों में टीकाकरण का अभियान चलाया जाएगा। टीकाकरण के लिए कुल 855 ग्रामीण क्षेत्रों का चयन किया गया है। इसमें 210 दुर्गम क्षेत्र शामिल हैं। इस अभियान में 419 आशा और 824 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को शामिल किया गया है। इस दौरान एडीएम राहुल गोयल, एसडीएम श्याम सिंह राणा, डीडीओ केएन तिवारी, सीएमओ शैलजा भट्ट, सीएमएस बसंत कुमार, जिला प्रतिरक्षण एवं एसीएमओ डॉ. जेसी मंडल, डा. वी के सक्सेना, डॉ. एनएस टोलिया मौजूद थे।